बदायूं में कोहरे के कारण हादसा; अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा घने कोहरे के कारण हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भानपुर निवासी लालू पुत्र होरी के रूप में हुई है। घायल युवक मनोज पुत्र रामकुमार भी भानपुर का ही रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक भटपुरा गांव से अपनी बहन के घर से लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद लालू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मनोज को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मध्यरात्रि करीब 11 बजे मृतक लालू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मृतक लालू का फाइल फोटो : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *