बदायूॅं जनमत। सालभर से अधिक समय से दिल्ली की एक विवाहिता युवक से प्रेम संबंध में थी। कुछ दिन पहले ही युवक दिल्ली से अपने गांव आया था। इसी बीच विवाहिता प्रेमिका को युवक की शादी होने की सूचना मिली। शादी की सूचना पर प्रेमिका दिल्ली से प्रेमी के घर जा पहुंची और युवक के साथ शादी करने की ज़िद पर अड़ गई। युवक ने शादी से इंकार कर दिया तो मामला थाने जा पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को सुना, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। आखिरकार परेशान होकर विवाहिता वापस दिल्ली लौट गई।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र का है। क्षेत्र के गांव भंद्रा निवासी एक युवक दिल्ली में कपड़ा सिलाई का काम करता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक शादीशुदा महिला से हुई। उसके एक लड़का भी है। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। बताया जा रहा है कि करीब सालभर से दोनों के बीच प्रेम संबंध चल रहा है। कुछ दिन पहले ही युवक दिल्ली से अपने घर लौटा था। इसी बीच युवक के परिवारों वालों ने उसका रिश्ता तय कर दिया। इसके चलते किसी ने विवाहिता को सूचना दी कि युवक की शादी होने वाली है। सूचना मिलते ही विवाहिता दिल्ली से भंद्रा आ पहुंची। उसके युवक के घर पहुंचकर उसके साथ शादी करने की ज़िद पकड़ ली। युवक के घर वालों ने उसे काफी समझाया। साथ ही उसके बच्चे और पति का हवाला दिया, लेकिन वह शादी करने की ज़िद पर अड़ी रही।
गांव में बात न बनने पर वह थाने जा पहुंची। उसने पुलिस को सारी दास्तान सुनाई। पुलिस ने युवक और उसके परिजनों को थाने बुलवाया और दोनों पक्षों को सुना। युवक ने विवाहिता के साथ शादी करने से साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद विवाहिता प्रेमिका बेरंग दिल्ली लौट गई।

