कमल हत्याकांड में पिता-पुत्र समेत चार नामजद; दो अज्ञात पर रिपोर्ट, तीन आरोपियों को भेजा जेल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उसहैत थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के शक में युवक कमल की पीटकर हत्या के मामले में पिता-पुत्र समेत चार नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी विपिन, राधेश्याम व नरेंद्र को गिरफ्तार किया गया। तीनों से पूछताछ की गई। इसके बाद तीनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
शनिवार शाम सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव रहमुद्दीनगर निवासी कमल किशोर अपनी बुआ के घर उसहैत थाना क्षेत्र के एक गांव पहुंचा था। वहां फुफेरे भाई की बेटी को मोबाइल फोन देकर वह घर लौट रहा था। आरोप है कि प्रेम प्रसंग के शक में फूफेरे भाई व फूफा समेत छह लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतक के पिता मुन्नालाल ने बताया कि शनिवार को उनके बेटे कमल किशोर को उसके फुफेरे भाई नरेंद्र ने फोन कर घर पर बुलाया था। कमल अपने साथी गांव के ही धारा विजय के साथ बुआ के घर बाइक से चला गया। दिन में करीब 3.30 बजे गांव के पास नरेंद्र, विपिन, रजनेश, राधेश्याम व दो अज्ञात लोगों ने कमल को रोक लिया। धारदार हथियार व लाठी डंडों से मारना पीटना शुरू कर दिया, जिससे उनके बेटे की मौत हो गई।

पुलिस की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार…

रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद युवक का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। भारी पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था के लिए गांव पहुंच गया। पुलिस की मौजूदगी में युवक के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
सीओ उझानी देवेंद्र कुमार ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *