बदायूं में HP स्कूल बस की टक्कर से घायल युवक की मौत; इलाज के दौरान तोड़ा दम, कार्रवाई की मांग

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मूसाझाग थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना 13 दिसंबर 2025 को हुई थी, जिसमें फरमान गंभीर रूप से घायल हो गया था और इलाज के दौरान 20 दिसंबर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई।
फरमान हुसैन अपने दोस्त सुरजीत पुत्र वीरपाल के साथ 13 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 7:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल स्प्लेंडर से काम पर जा रहा था। टिकलापुर से आगे हनुमान मंदिर पर सुरजीत ने मोटरसाइकिल रोकी और नीचे उतर ही रहा था, तभी नई सड़क की ओर से तेज गति से आ रही एचपी स्कूल की बस ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फरमान हुसैन और सुरजीत को गंभीर चोटें आईं। उनके पीछे आ रहे जाहिद हुसैन और अन्य लोगों ने तुरंत 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी । उप निरीक्षक राजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर फरमान और सुरजीत को दातागंज अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान बस चालक अपनी बस लेकर मौके से फरार हो गया।
घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए फरमान को पहले बदायूं के बीआर गुप्ता अस्पताल ले जाया गया। वहां फायदा न होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। दुर्घटना में लगी चोटों के कारण फरमान हुसैन ने 20 दिसंबर 2025 को दम तोड़ दिया। मृतक फरमान हुसैन राज मिस्त्री का काम करता था और डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। फरमान के पिता दावर हुसैन ने बताया कि बेटे के अंतिम संस्कार और इलाज में व्यस्त होने के कारण वे तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। उन्होंने अब दोषी स्कूल बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *