बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम संपन्न, संकल्प दिलाया

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन एवं महिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक जगत के ग्राम रसूलपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की डायरेक्टर डॉ. कृष्णा सिंह ने बाल विवाह को समाज की एक गंभीर एवं घातक कुप्रथा बताया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास में बाधक है तथा विशेष रूप से बालिकाओं के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे न केवल स्वयं बाल विवाह से दूर रहें, बल्कि अपने आसपास भी इस सामाजिक बुराई को रोकने में जागरूक भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की प्रतिनिधि श्रीमती छवि वैश्य ने महिलाओं को बच्चों के अधिकार, उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। साथ ही उन्होंने बाल विवाह की रोकथाम हेतु सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम रसूलपुर की राजवती, बबली कुमारी, तथा संस्था की सक्रिय वॉलिंटियर भूमि एवं खुशी का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमुदाय को बाल विवाह उन्मूलन के लिए संकल्प दिलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *