उसहैत में सांड़ के हमले से एक महिला की मौत, दूसरी गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उसहैत क्षेत्र में सांड़ों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे ग्राम इटौवा निवासी सुनीता (54 वर्ष) एवं मंचीता (28 वर्ष) बाजार करने के लिए कटरा सआदतगंज आई थीं। इसी दौरान अचानक पीछे से आए एक छुट्टा सांड़ ने दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया। इनमें सुनीता की अस्पताल में मौत हो गई।
अचानक हुए हमले से दोनों महिलाएं सड़क पर गिर पड़ीं। सांड़ ने उन्हें कई बार पटकने की कोशिश की। सांड़ के हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों से किसी तरह सांड़ को भगाकर महिलाओं को छुड़ाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों महिलाओं को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि मंचीता की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते 24 घंटों में सांड़ के हमले से मौत का यह दूसरा मामला है, जिससे नगर व आसपास के ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से छुट्टा पशुओं को पकड़वाने और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *