मायावती के 70वें जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन; बरेली पहुंचे हजारों समर्थक, 2027 में सरकार बनाने का लिया संकल्प

उत्तर प्रदेश

बरेली जनमत। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का 70वां जन्मदिन बरेली में बेहद उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के नेहरू युवा केंद्र में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हुजूम उमड़ा। केक काटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर मायावती के लंबे जीवन की कामना की गई। पूरा परिसर ‘नीले’ झंडों और गगनभेदी नारों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान जोन कोऑर्डिनेटर रणवीर सिंह कश्यप और जिला अध्यक्ष जयपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। नेताओं ने हुंकार भरते हुए कहा कि अब रुकने का समय नहीं है, बल्कि अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का वक्त है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जाएं, क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बसपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने जा रही है।

फर्जी मुकदमों पर दी अधिकारियों को चेतावनी…

मंच से संबोधन के दौरान बसपा नेताओं ने प्रशासन और पुलिस के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में कुछ अधिकारी सत्ता के दबाव में बसपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर रहे हैं। नेताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि 2027 में सरकार बनते ही इन सभी फर्जी मुकदमों को तुरंत खत्म कराया जाएगा और निर्दोष कार्यकर्ताओं को परेशान करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सपा छोड़ बसपा में शामिल हुए सैकड़ों दिग्गज…

इस अवसर पर बसपा का बढ़ता जनाधार भी देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) सहित अन्य दलों के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए बसपा की सदस्यता ग्रहण की। नेताओं ने दावा किया कि अन्य दलों से हो रहा यह पलायन इस बात का साफ संकेत है कि जनता अब फिर से बहनजी के शासनकाल की कानून-व्यवस्था को याद कर रही है और बसपा का कुनबा लगातार मजबूत हो रहा है।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की रणनीति…

जन्मदिन के बहाने पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति का भी स्पष्ट संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को बसपा के शासन की उपलब्धियां बताएंगे। इस आयोजन ने न केवल कार्यकर्ताओं में नया उत्साह फूंका, बल्कि आगामी चुनाव के लिए संगठन की मजबूती का प्रमाण भी पेश किया।

बदायूं से आतिफ खां ने किया शक्ति प्रदर्शन…

बसपा के वरिष्ठ नेता और दातागंज विधानसभा के प्रभारी आतिफ खां बसपा सुप्रीमों मायावती के जन्मदिन पर अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उनके समर्थक नारे लगाते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो माहौल बसपामय हो गया। बदायूं जिले से सबसे अधिक भीड़ लेकर पहुंचे आतिफ खां चर्चा का विषय बने रहे। बदायूं में बसपा के पास सबसे मजबूत चेहरा आतिफ खां के रूप में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *