बदायूं में भंडारे में मारपीट; खीर बांटने को लेकर हुआ विवाद, 3 घायल, पुलिस ने 4 आरोपियों को जेल भेजा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। श्रीमद् भागवत कथा के समापन के बाद आयोजित भंडारे में खीर वितरण को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में बदल गया, जिसमें दो महिलाएं और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उसहैत थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर बसंत में पिछले कई दिनों से श्रीमद् भागवत कथा चल रही थी। कथा के समापन के बाद भंडारे में प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया था। इस दौरान अवधेश पुत्र रामभजन खीर प्रसाद बांट रहे थे। तभी नशे में धुत कुछ लोगों ने अवधेश को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने पर पुत्रपाल पुत्र रामपाल, सुदेश और गुड्डू पुत्र बालिस्टर, अजयपाल पुत्र पप्पू ने गाली-गलौज करते हुए ईंटों, लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में प्रसाद ले रही कृष्णा और भारती (श्रीपाल की पुत्रियां) तथा दिनेश पुत्र श्रीराम भजन को गंभीर चोटें आईं। शिकायतकर्ता गौरव पुत्र श्रीपाल ने बताया कि जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे, तो सभी आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। गौरव ने इस संबंध में उसहैत थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
उधर, उसहैत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि गौरव की शिकायत पर गुरुवार की शाम मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *