बदायूॅं जनमत। सोमवार सुबह निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसा कस्बा उसहैत का है। थाना क्षेत्र के गांव ककरुआ निवासी सबदपाल (45) पुत्र सियाराम, उनके चचेरे भाई नन्हे (28) पुत्र कुंवरपाल और गांव के ही सर्वेंद्र (24) पुत्र राम सिंह उसहैत कस्बे में मोहम्मद मियां के निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी करने गए थे। सुबह के समय सर्दी होने के कारण तीनों मजदूर दीवार के पास लगे अलाव पर ताप रहे थे। इसी दौरान पास में चल रही जेसीबी के कारण अचानक दीवार गिर गई। सर्वेंद्र दीवार के बाहर आ गए थे, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। वहीं सबदपाल और नन्हे दीवार के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन सबदपाल की रास्ते में ही मौत हो गई। नन्हे का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई की।
थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हुई है और दो मजदूर घायल हुए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक सबदपाल का फाइल फोटो

