बदायूॅं जनमत। एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। यह घटना बिनावर थाना क्षेत्र के घटपुरी रेलवे स्टेशन और मोहम्मदपुर बिहार के बीच रविवार सुबह हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के उसहैता निवासी लखपत की 22 वर्षीय पत्नी गायत्री रविवार सुबह घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकली थी। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। काफी देर तक जब गायत्री घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद पति लखपत और अन्य परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान गायत्री का शव रेलवे लाइन पर क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला।
बिनावर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

