बदायूॅं जनमत। एमएफ हाइवे पर हुए एक हादसे में ऑटो सवार एक युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मानपुर कुलचौरा गांव के पास बस, ऑटो और डीसीएम की टक्कर से हुई। पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अलापुर की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस के पीछे ऑटो चल रहा था। ऑटो चालक ने बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही एक डीसीएम से पहले ऑटो और फिर बस टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद बस और डीसीएम के चालक मौके से फरार हो गए। ऑटो चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। ऑटो में सवार अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया, जिसके बाद आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे।
इस हादसे में ऑटो सवार सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मझिया गांव निवासी विमलेश (22) पुत्र बाबूराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचित किया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। विमलेश के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस फरार बस और डीसीएम चालकों की तलाश में जुटी है।

