जनमत एक्सप्रेस। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-इजराइल युद्ध के बीच भारत के पास अब सिर्फ 25 दिनों का क्रूड ऑयल यानी कच्चा तेल और रिफाइंड ऑयल का स्टॉक बचा है।
न्यूज एजेंसी ANI ने देश की एनर्जी सिक्योरिटी को लेकर यह अपडेट सरकारी सूत्रों के मुताबिक दिया है। हालांकि सरकार अभी पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ाएगी। दरअसल, ईरान ने स्ट्रैट ऑफ होर्मुज को बंद करने का ऐलान कर दिया है। साथ ही ईरान की सेना ने चेतावनी दी है कि इस रूट से अगर कोई भी जहाज गुजरता है, तो उसे आग लगा दी जाएगी। ओमान और ईरान के बीच स्थित यह रूट दुनिया के ऑयल बिजनेस के लिए सबसे जरूरी माना जाता है।
होर्मुज रूट के बंद होने से दुनिया के कई देशों की तेल सप्लाई पर प्रभाव पड़ेगा, जिसमें भारत समेत एशियाई देशों पर सबसे ज्यादा असर होगा। इस रूट के बंद होने कारण ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें भी 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जा सकती हैं। अभी ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 5.58% बढ़कर 80.41 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का अभी कोई प्लान नहीं…
आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि भारत सरकार का फिलहाल पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का कोई इरादा नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, इंटरनेशनल मार्केट में उतार-चढ़ाव के बावजूद घरेलू स्तर पर कीमतों को स्थिर रखने की कोशिश की जा रही है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि देश में प्रमुख पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की अवेलेबिलिटी और किफायती दाम तय करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
कांग्रेस ने पूछा- 74 दिन का तेल किसने चुराया…
आंकड़े सामने आने के बाद कांग्रेस ने सरकार से पूछा कि हमारा तेल किसने चुराया? केरल कांग्रेस ने X पर लिखा कि 9 फरवरी को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राज्यसभा में बताया था कि हमारे पास 74 दिनों का पेट्रोलियम रिजर्व है और चिंता की कोई बात नहीं है।
आज, सरकार कहती है कि हमारे पास सिर्फ 25 दिनों का स्टॉक है। जंग 28 फरवरी को शुरू हुई थी और जंग शुरू हुए सिर्फ चार दिन हुए हैं। तो लॉजिकली, आज से हमारे पास 70 दिनों का पेट्रोलियम रिजर्व होना चाहिए। कांग्रेस ने सवाल किया- हमारे लाखों बैरल तेल रिज़र्व किसने चुराए, जो 45 दिनों के लिए काफी हैं – मोदी के दोस्त? या हरदीप सिंह पुरी पार्लियामेंट में झूठ बोल रहे थे? हरदीप पुरी इसका जवाब दें और इस्तीफा दें।

