बदायूं में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की मौत; हत्या का आरोप, खेत पर जाते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। रविवार सुबह ट्रैक्टर से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। सुबह के समय वह खेत पर जा रहा था। युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गांव के ही युवक पर मामूली विवाद के चलते ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव छछऊ निवासी राजेश (35 वर्ष) पुत्र सुरेश रविवार की सुबह अपने खेत पर जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही रहने वाला एक युवक ट्रैक्टर लेकर आया और राजेश के ऊपर चढ़ा दिया। जिससे राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन गंभीर हालत में उसको बरेली ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

दो दिन पहले हुआ था विवाद…

बरेली से उसका शव सीएचसी पहुंचा तो पुलिस बल मौके पर आ गया। अस्पताल को छावनी में तब्दील कर दिया गया। हंगामा होने की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजनों का आरोप है कि दो दिन पहले ही आरोपी से राजेश का विवाद हो गया था। इसी के चलते उसने ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या की है।
मृतक के परिजन ने मामले का शिकायती पत्र पुलिस को दिया है। वहीं सीओ केके तिवारी का कहना है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *