प्रगतिशील रसोइया यूनियन ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सदर तहसील क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में मिड-डे-मील बनाने का ठेका एनजीओ को दिए जाने के विरोध में और अन्य मांगों को लेकर प्रगतिशील रसोइया यूनियन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से भेजा।ज्ञापन की एक-एक प्रति एमडीएम प्रभारी और बीएसए को भी भेजी गई। ज्ञापन बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एमडीएम प्रभारी मैडम हिना खान को सौंपा गया।
यूनियन की जरीना ने कहा हम रसोइया बहुत ही अल्प मानदेय पर मिड डे मील योजना के तहत भोजन पकाने और परोसने का काम कर रही हैं। हमारी कोशिश रहती है कि बच्चों को समय से साफ सुथरा मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध हो। हम लोग स्कूल स्टाफ के साथ भरोसे और सामंजस्य के साथ काम करती है। लेकिन अब बदायूं तहसील के स्कूलों का भोजन बनाने का ठेका एक एनजीओ को दे दिया गया है। इस कारण हम लोगों के इस अत्यंत अल्प मानदेय के काम के भविष्य पर भी खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कई रसोइया को काम से निकाले जाने की भी खबर है। हम लोग अपने भविष्य और जीवन यापन के साधन को लेकर बहुत ही चिंतित हैं।
जनहित सत्याग्रह मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने कहा कि जहां हम बड़ी अर्थव्यवस्था होने का दम भर रहे हैं। वहीं प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में मिड डे मील का भोजन बनाने वाली रसोइया बहिनें मात्र दो हजार रुपये में काम कर रही हैं। इनसे खाना बनाने के अलावा अन्य काम भी कराए जाते हैं। यह एक तरह की बेगार है जिसे सरकारी संस्थानों में कराया जाता है। इसके बाद भी कब काम से निकाल दिया जाए इसका कोई भरोसा नहीं। दशकों से काम कर रही इन गरीब महिलाओं के शोषण उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट संघर्ष की जरूरत है। तथा इन्हें मानवीय गरिमा से पूर्ण एक स्थाई रोजगार हासिल होना चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई कि-

1. सभी स्कूलों में मिड डे मील बनाने की पूर्व की व्यवस्था बहाल कर स्कूलों में ही रसोइया बहिनों से खाना बनवाया जाए।

2. एनजीओ के माध्यम से खाना बनवाने पर रोक लगाई जाए।

3. रसोइया बहिनों को काम से ना हटाया जाए। हटाई गई बहिनों को काम पर वापस लिया जाए।

4. हमारा मानदेय राज्य में घोषित न्यूनतम वेतन के स्तर पर लाया जाए।

5. सभी रसोइया बहिनों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देकर कर्मचारियों की भांति सभी सुविधाएं दी जाएं। कार्यक्रम में जरीना, रौनक, रईसा आदि रसोइया बहिनें मौजूद रहीं। वहीं यूनियन के समर्थन में क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन से सतीश जनहित सत्याग्रह मोर्चा से प्रेमपाल सिंह, हर्षवर्धन, धीरेन्द्र सिंह आदि लोग भी मौजूद रहे।

मिड डे मील प्रभारी को ज्ञापन सौंपती हुई रसोईया : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *