बदायूं में स्लीपर बस और पिकअप की भिड़ंत; दो मजदूरों की मौत, दो की हालत नाजुक

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उझानी कोतवाली क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर दहेमू गांव के पास मंगलवार को सुबह करीब सात बजे तेज रफ्तार स्लीपर बस और पिकअप वाहन की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार चार लोगों में से दो की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं पहुंची है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय हाईवे पर सामान्य आवाजाही थी, तभी अचानक तेज रफ्तार बस और सामने से आ रही पिकअप की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार शुरू किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है।

हादसे में इन लोगों की हुई मौत…

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दुर्वेश कुमार (40 वर्ष) पुत्र हुकुम सिंह निवासी ग्राम सावंती नगला, थाना उझानी तथा दिनेश चंद्र (41 वर्ष) पुत्र प्रभाती लाल निवासी बरखेड़ा, जनपद अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में महेश (35 वर्ष) पुत्र जगदीश निवासी ग्राम नंदगांव, थाना आंवला (बरेली) और नींबू लाल पुत्र अक्षय निवासी जवाहरपुरी, थाना मधुबन (मऊ) शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि पिकअप सवार सभी लोग एनएचएआई की देखरेख में चल रहे हाईवे चौड़ीकरण कार्य से जुड़े मजदूर थे और काम के सिलसिले में जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचने लगे। घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। साथ ही दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *