बदायूॅं जनमत। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में गांव सिसरका के समीप मंगलवार सुबह चकरोड के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हत्या कहीं और की गई और शव लाकर यहां फेंका गया। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह खेतों की ओर जाते समय चकरोड किनारे शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना फैजगंज बेहटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में छानबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हर पहलू से जांच की जा रही है।

