बदायूॅं जनमत। ककराला स्थित न्यू हॉप्स पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। जिसके चलते परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले बच्चों को रिजल्ट के साथ-साथ सम्मानित किया गया। आयोजन विद्यार्थियों की मेहनत, उपलब्धियों और विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का प्रेरणादायक उत्सव रहा।
इस वर्ष सभी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए। विशेष रूप से इबरा बिलाल ने 99.88% अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। कार्यक्रम को बच्चों के लिए यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिसर में झूलों की विशेष व्यवस्था की गई तथा आकर्षक कार्टून मैस्कॉट्स ने बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा।
इस अवसर पर कक्षा-वार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, जो विद्यार्थी पूरे सत्र में शत प्रतिशत उपस्थिति के साथ निरंतर विद्यालय आते रहे, उन्हें ट्रॉफी प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके अभिभावकों को भी बच्चों की नियमितता और अनुशासन के लिए सम्मानित किया गया, जो इस बात का प्रतीक रहा कि सफलता में परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाते हुए विद्यालय के संस्थापक निदेशक अरशद अली खान, प्रबंध निदेशक अयान खान, प्रधानाचार्य भूराज सिंह, वरिष्ठ समन्वयक अनुराधा सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य भूराज सिंह ने किया। व्यवस्थाओं को इज़लाल खान ने संभाला।

