राजकीय महिला महाविद्यालय में पांच दिवसीय रेंजर्स शिविर का शुभारंभ, मिशन शक्ति के तहत कार्यशाला

शिक्षा

बदायूॅं जनमत‌। राजकीय महिला महाविद्यालय में रेंजर्स (जगदम्बा इकाई) पांच दिवसीय शिविर के प्रथम दिवस का शुभारंभ प्राचार्य डॉ वंदना द्वारा ध्वजारोहण तथा प्रार्थना एवं झंडा गीत के साथ किया गया। इसके पश्चात मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर शिविर संचालन सुचारु रूप से शुरू हुआ। प्राचार्या डॉ. वंदना ने सभी रेंजर्स को अपने कर्तव्य पथ पर दृढ़ता से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसी अवसर पर रेंजर्स, मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वावलंबन एवं आत्मविश्वास विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का भी सफल आयोजन किया गया।
मिशन शक्ति कार्यशाला के अंतर्गत होपयूनिटी संस्था की निदेशक डॉ. कृष्णा सिंह ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया‌। कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर, बदायूं सेंटर मैनेजर प्रतीक्षा शर्मा ने छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। कोतवाली चौकी प्रभारी सपना जायसवाल ने आत्मनिर्भरता एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया, जबकि महिला थाना से आए एसआई योगेंद्र सिंह ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. भावना सिंह ने किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ ऋषभ भारद्वाज ने उन्नत भारत में महिलाओं के योगदान को बताया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। होपयूनिटी संस्था की निदेशक डॉ कृष्णा सिंह द्वारा भाषण प्रतियोगिता के विजयी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया, अनमता इस्लाम, मजरुल फात्मा, अनम सलीम सैफ़ी, अंशिका एवं रीता को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर अतिथि के रूप में उपस्थित टीम ने भी रेंजर्स को उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रेंजर्स प्रभारी एवं रेंजर्स जिला कोऑर्डिनेटर डॉ. सरिता गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेंजर्स अधिकारी डॉ. सरिता गौतम ने रेंजर्स के पंच दिवसीय कार्यक्रम की रूप रेखा, रेंजर्स नियमों एवं अनुशासन की विस्तृत जानकारी दी।
अंत में भारत स्काउट-गाइड कमिश्नर मोहम्मद असरार ने स्काउट-गाइड के इतिहास, स्थापना एवं इसके संस्थापक के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। श्री असरार द्वारा टोलियों का निर्माण किया गया। दल नायक एवं सहायक दल नायक के कर्तव्यों से अवगत कराया। शिविर के प्रथम दिवस का समापन ध्वज अवतरण एवं राष्ट्र गान के साथ संपन्न हुआ।
रेंजर्स शिविर में हिबा बी, सुमैरा रेहमान, अंशिका, कुमकुम, राशिका, निकिता, भूमि आदि रेंजर्स ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में डॉ अर्चना पांडेय, डॉ सतीश कुमार एवं डॉ ब्रजेश कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त परिवार, छात्राओं, होप यूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन की टीम, पुलिस की टीम तथा मिशन शक्ति से जुड़े सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *