बदायूँ जनमत। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) जनपद में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक निगरानी के बीच सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई। जनपद में आयोजित परीक्षा में प्रथम पाली में 9816 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 7116 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2700 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 9816 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 7129 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2687 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 19632 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 14245 अभ्यर्थी उपस्थित रहे और 5387 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के समस्त परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही परीक्षा के प्रश्नपत्र सुरक्षित रखे जाने के दृष्टिगत कोषागार का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। वहीं कोषागार के निरीक्षण के दौरान प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं सुरक्षित रख-रखाव से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाए।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जनपद में परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई।


