बदायूं में पुलिस चौकी के पास से एर्टिगा कार चोरी, CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की नवादा चौकी के पास से एक एर्टिगा कार चोरी हो गई। पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की वारदात कैद हो गई। इसके बावजूद पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है।
नवादा चौकी क्षेत्र में ब्लूमिंगडेल स्कूल के पास रहीस अहमद का मकान है। उनके बड़े बेटे जावेद रहीस सिद्दीकी की एर्टिगा कार (UP 24 BP 9307) पास के खाली पड़े प्लाट पर खड़ी होती थी। बीती रात भी उनका कार उसी प्लाट पर खड़ी थी। उन्होंने सुबह तड़के घर से निकल कर देखा तो उनकी कार गायब थी। काफी तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
इसके बाद पीड़ित ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक ने जांच कर गाड़ी बरामद करने का आश्वासन दिया। वहीं चौकी पुलिस को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर ब्लूमिंगडेल स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में देखा गया कि कार चोरी कर ले जाते समय एक अन्य एर्टिगा कार उसके साथ थी। अंदाजा लगाया जा रहा है एर्टिगा सवार चोरों के गैंग ने ही चोरी की घटना को अंजाम दिया है। अब देखना यह है कि पुलिस चोरों तक कब पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *