बदायूं में 200 रुपये के लिए युवक की हत्या; उधार के पैसे न देने पर पीट पीटकर उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सदर कोतवाली क्षेत्र में मात्र दो सौ रुपये की उधारी ने एक युवक की जान ले ली। रविवार को देर शाम आजाद बाली गली के पास हुए विवाद में आरोपियों ने 35 वर्षीय युवक की लोहे की जंजीर में बंधे ताले से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक शाहिद पुत्र अरशद हुसैन, निवासी चौधरी सराय शकील रोड, थाना कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार शाहिद ने आरोपी पक्ष से 500 रुपये उधार लिए थे। इसमें से 300 रुपये वह पहले ही लौटा चुका था। बकाया 200 रुपये को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने शाहिद पर लोहे की जंजीर में बंधे ताले से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिससे शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई।

कादरचौक थाना क्षेत्र के हैं हत्यारोपी…

हत्या के आरोप में नहीम, वासिफ और फजल के नाम सामने आए हैं। तीनों कादरचौक थाना क्षेत्र के रमजानपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस…

घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। वहीं परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है हत्यारोपी जल्द ही पुलिस की हिरासत में होंगे।

मृतक शाहिद का फाइल फोटो : जनमत एक्सप्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *