बदायूॅं जनमत। जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का मामला रविवार को उसहैत क्षेत्र में सामने आया। एंबुलेंस सेवा को सूचना देने के बावजूद घंटों तक वाहन नहीं पहुंचा तो मजबूर परिजनों ने घायल युवक को चारपाई पर लिटाकर ई-रिक्शा में बांधकर अस्पताल पहुंचाया। इस घटना ने सरकारी एंबुलेंस सेवा की पोल खोल दी है।
घटना उसहैत क्षेत्र के गांव अक्टूइयां की है। जानकारी के अनुसार महेश, जो ग्राम सोंधामई थाना उसावां के निवासी हैं। वह पानीपत में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दो दिन पहले वह अपनी बहन के घर अक्टूइयां गांव आए हुए थे। शनिवार रात वह मकान की छत पर सो रहे थे। देर रात पानी पीने के लिए उठकर जाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे जा गिरे। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह दर्द से तड़पने लगे।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन कर मदद मांगी, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। परिजन लगातार संपर्क करने की कोशिश करते रहे, लेकिन राहत नहीं मिली। मजबूरी में परिजनों ने गांव निवासी श्यामपाल के ई-रिक्शा का सहारा लिया। ई-रिक्शा पर चारपाई बांधकर घायल महेश को उस पर लिटाया गया और काफी मुश्किलों के बीच उसहैत कस्बे तक लाया गया। वहां एक निजी चिकित्सक से प्राथमिक उपचार कराया गया। उपचार के बाद परिजन उन्हें वापस गांव ले गए।

