बदायूॅं जनमत। आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय में हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रेमचंद चौधरी का संतकबीर नगर जनपद में स्थानांतरण होने के बाद उनके लिए भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। शासन की ऑनलाइन स्वैच्छिक स्थानांतरण सुविधा का लाभ लेते हुए डॉ. प्रेमचंद चौधरी ने अपना स्थानांतरण राजकीय महिला महाविद्यालय, संत कबीर नगर में करा लिया है।
इसके साथ ही पिछले माह जून में हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ रविन्द्र सिंह यादव ने भी अपना स्थानांतरण राजकीय महिला महाविद्यालय बरेली में करा लिया। हिन्दी के दोनों प्राध्यापक स्वैच्छिक रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं, जिससे महाविद्यालय में हिंदी के दोनों पद फिलहाल रिक्त हो गए हैं।
विदाई कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. संजय कुमार, डॉ. राकेश कुमार जयसवाल, डॉ. संजीव राठौर, डॉ. सचिन राघव, डॉ. जुनेद आलम, डॉ. राशेदा खातून, डॉ. ज्योति बिश्नोई आदि ने डॉ. प्रेमचंद के साथ अपने संबंधों और स्मृतियों को साझा करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
डॉ. प्रेमचंद चौधरी ने महाविद्यालय में सन 2021 से निरंतर पाँच वर्षों तक निष्ठापूर्वक शिक्षा तथा शैक्षणिक गतिविधियों का सफल संचालन किया। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि रिक्त पदों की पूर्ति के लिए शासन से निवेदन किया जाएगा, ताकि आने वाले सत्र में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। विदाई कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डॉ. अनिल कुमार ने कहा डॉ. प्रेमचंद ने पाँच वर्षों में महाविद्यालय की शैक्षिक उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हम उन्हें उनकी नई नियुक्ति के लिए शुभकामनाएं देते हैं।” डॉ. प्रेमचंद ने भी भावुक होते हुए सभी का धन्यवाद किया और छात्रों तथा सहकर्मियों के साथ बिताए पलों को याद किया।


