बदायूँ जनमत। उसहैत डाकघर में आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू नहीं होने से आक्रोशित कांग्रेसियों ने डाक अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही एक हफ्ते में उसहैत डाकघर में आधार कार्ड बनाने शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि उसहैत नगर पंचायत और उसके आस पास के दर्जनों ग्रामों की एक लाख से ऊपर आबादी पर कोई आधार केंद्र नहीं है। जिससे उसहैत वासियों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सैकड़ों महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग आधार कार्ड बनवाने और संशोधन कराने को बदायूं के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार लोगों का आधार कार्ड बनाने में विफल साबित हुई है। आधार कार्ड बनवाने को लोगों को कई दिनों तक बदायूं के चक्कर काटने पड़ते हैं। सुबह चार बजे आकर लाइन में लगना पड़ता है। अगर एक दिन में नम्बर नहीं आता तो कई दिनों जल्दी आकर नम्बर लगाना होता है। शर्मनाक है कि भाजपा सरकार जनता की परेशानियों के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि एक हफ्ते में उसहैत डाकघर में आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू नहीं हुआ तो बदायूं में डाक अधीक्षक कार्यालय पर कांग्रेस धरना प्रदर्शन करेगी। डाक अधीक्षक को ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस जिला कोषाध्यक्ष शाजिद अली खान, उसहैत कांग्रेस नगर अध्यक्ष यूनिस रजा, जिला कार्यालय सचिव अकरम खान, जिला सचिव कफील खान, रिटायर्ड कानूनगो सुरेंद्र सिंह, छोटे, गुड्डू, चमन समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।



