दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठी चार्ज का विरोध, बदायूं में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जनहित सत्याग्रह मोर्चा एवं आशा कर्मचारी यूनियन ने मालवीय आवास गृह पर इकट्ठा होकर एवं कलेक्ट्रेट जाकर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन दिल्ली में छात्रों नौजवानों के पेपर लीक के खिलाफ चल रहे आंदोलन की मांगों के समर्थन एवं दिल्ली में संसद मार्च हुए निर्मम दमन के विरोध में दिया गया।
मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। आज जहां एक ओर देश में स्थाई नौकरियां बहुत कम रह गई है। जो नौकरियां बची भी है उनमें प्रतियोगिता बहुत ही ज्यादा है। ऐसे में छात्र जब परीक्षा में बैठता है तो वह एक बेहतर जिंदगी का सपना देख रहा होता है। लेकिन पेपर लीक, भर्ती में देरी, परीक्षाओं को टालना, रिजल्ट घोषित करने में देरी जैसी घटनाएं उनके सपनों को तोड़ देती है। यही कारण है कि देश का छात्र नौजवान लंबे समय से महंगी शिक्षा, शिक्षा के निजीकरण, नौकरियों के ठेकाकरण, भर्ती को टालने, रिक्त पद ना भरे जाने से पहले ही परेशान था। लेकिन लगातार होने वाले पेपर लीक से उसके सब्र का बांध टूट गया। व्यवस्था की इन खामियों का ही परिणाम है कि आज देश का छात्र नौजवान सड़कों पर है।
मोर्चा के अध्यक्ष चरन सिंह ने कहा कि इस आंदोलन की मुख्य मांग देश की केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। यह मांग इसलिए पैदा हुई है कि पिछले सालों में कई पेपर लीक हुए हैं। क्रान्तिकारी लोक अधिकार संगठन के सतीश ने कहा कि देश के जाने माने पर्यावरणविद, वैज्ञानिक और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक सहित कई छात्र नेता जंतर मंतर पर अनशन पर बैठ थे। बीस दिन के लंबे अनशन के बाद भी सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे बात करने नहीं आया। एक रात को दिल्ली पुलिस सिविल ड्रेस में आकर सोनम वांगचुक को जबरन धरना स्थल से उठा ले गई।
आशा यूनियन की मुनीशा देवी ने कहा कि 20 जुलाई को आंदोलनकारियों ने संसद मार्च का आह्वान किया था। इसके लिए देश कोने कोने से हजारों छात्र नौजवान 19 जुलाई से ही जंतर मंतर पर जुटने लगे। शासन प्रशासन की तैयारी इस शांतिपूर्ण आंदोलन के साथियों से बातचीत के बजाए इनके मार्च को रोकने की थी। प्रदर्शकारियों को बैरिकेड लगाकर रोका जाने लगा। अंत में शांतिपूर्ण संसद मार्च पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले दागे गए। हम छात्रों नौजवानों के इस न्यायपूर्ण आंदोलन में निर्मम दमन की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा दिल्ली पुलिस द्वारा की गई दमनात्मक कार्यवाही की न्यायिक जांच कराई जाए।
कार्यक्रम में डॉ सतीश, राम प्रकाश पूर्व प्रवक्ता, आरके जौहरी, एड सीएल गौतम, एडएस पी सिंह, एड वीरेंद्र जाटव, ओमेंद्र सिंह निर्दोष राठौर, नीलम, गिरिजा, अल्का, विनीता, राजकुमारी, रचना आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *