बरेली जनमत। बवाल के बाद पुलिस का एक्शन जारी है। मंगलवार को पुलिस ने मौलाना तौकीर रज़ा के दामाद मोहसिन रजा की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर चलाया। अभी मोहसिन के गैराज को ही गिराया गया है। वहीं पुलिस ने मोहसिन रजा को गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोप है कि जब पुलिस टीम बुलडोजर लेकर पहुंची तो मोहसिन रजा ने बदसलूकी करना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया।
ओमान रज़ा बरेली हिंसा का आरोपी…
समाजवादी पार्टी के पार्षद ओमान रज़ा और मोहसिन रज़ा दोनों दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मन्नानी मियां, जो मौलाना तौकीर रजा के भाई हैं, उनके दामाद हैं। अभी इनके गैराज पर बुलडोजर चला है। आरोप है कि नाले की जमीन पर कब्जा करके यह गैराज बनाया गया था। ओमान रज़ा को बरेली हिंसा का आरोपी बताया जा रहा है। फिलहाल वह अभी फरार है। ओमान और मोहसिन दोनों भाई हैं।
बता दें कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सुरखा बानखाना में मोहसिन रजा की कोठी है। शुरुआत में लगा कि पुलिस मोहसिन की कोठी पर बुलडोजर चलाने पहुंची है। कोठी के बगल में ही मोहसिन का एक गैराज है। इसी गैराज में बिना बिजली कनेक्शन से गाड़ियों को चार्ज किया जा रहा था। साथ ही यह गैराज नाले की जमीन पर कब्जा करके बनाया गया था।

