बदायूॅं जनमत। थाना उसावां क्षेत्र में उसहैत-म्याऊं-गिल्टिया मार्ग पर अर्टिगा कार और बाइक की टक्कर के बाद मारपीट और माल-जेवर छीनने का आरोप सामने आया है। घटना में बाइक सवार महिला समेत दो लोगों को चोटें आई हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने थाना उसावां में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम खारिक नगला निवासी गुरवेंद्र पुत्र जोगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गिल्टिया रोड पर उनकी बाइक की अर्टिगा कार से टक्कर हो गई। पीड़ित का आरोप है कि अर्टिगा चालक वाहन को लापरवाही और तेज गति से चला रहा था, जिसके चलते हादसा हुआ। दुर्घटना में उनकी पत्नी को काफी चोटें आईं।
वहीं, गुरवेंद्र का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद गिल्टिया गांव निवासी कुछ अज्ञात लोगों ने मौके पर पहुंचकर उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके पास मौजूद माल-जेवर भी छीन लिए गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम के साथ उप निरीक्षक सुनील चौधरी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित गुरवेंद्र ने थाना उसावा में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थाना उसावां के उप निरीक्षक सुनील चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के साथ ही मारपीट और माल-जेवर छीनने के आरोपों की भी जांच कर रही है।

