बदायूं में घायल मिला सारस; वन विभाग के अधिकारियों ने किया रेस्क्यू, ग्रामीणों की मदद से बची जान

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मंगलवार एक सारस घायल अवस्था में मिला। ग्रामीणों की मदद से सारस पक्षी की जान बच सकी। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सारस को इलाज के लिए अपने साथ ले गई।
घटना कुंवरगांव थाना क्षेत्र के चकोलर गांव की है। गांव निवासी राजेश वर्मा अपने परिजनों के साथ बदायूं जा रहे थे। चकोलर से दुगरैया जाने वाले रास्ते पर तालाब के पास भागीरथ पुत्र हरिशंकर के खेत में उन्होंने सारस को घायल अवस्था में देखा। सारस दर्द से तड़प रहा था और उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें थीं, जिसके कारण वह खड़ा नहीं हो पा रहा था। ग्रामीणों ने अनुमान लगाया कि उड़ान के दौरान सारस ऊपर से गुजर रही 11 हजार की हाईटेंशन लाइन से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया होगा।
राजेश वर्मा ने तुरंत आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों को बुलाया। सभी ने मिलकर सारस को उठाया और उसे एक सुरक्षित स्थान पर बैठाया। इसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर वन रक्षक मथुरा सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल सारस को अपने कब्जे में लिया और उसे इलाज के लिए ले गए। सारस को सुरक्षित पहुंचाने में चकोलर निवासी राजेश वर्मा, जोगेंद्र पुत्र गणेश, हरीश पुत्र श्रीपाल, धर्मवीर पुत्र लंबरदार सहित कई अन्य ग्रामीण प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *