एस• शाहिद अली !!
जनमत एक्सप्रेस। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने भागदौड़ तेज कर दी है। सत्ताधारी एनडीए गठबंधन को टक्कर देने के लिए इंडिया गठबंधन की घोषणा होने जा रही है। यूपी की बात करें तो इंडिया गठबंधन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के चीफ अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी संयुक्त रूप से कर सकते हैं। वहीं एनडीए गठबंधन पुराने सहयोगी दलों के साथ ही बना रहेगा और उसका मुख्यमंत्री चेहरा फिलहाल वर्तमान सीएम योगी आदित्यनाथ ही हैं। वहीं इंडिया गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा सपा प्रमुख अखिलेश यादव होंगे। यूपी में अभी तक इन्हीं दोनों गठबंधनों की टक्कर मानी जा रही थी। लेकिन गुरुवार को राजधानी लखनऊ में की गई एक घोषणा ने प्रदेश का राजनीति भूगोल ही बदला डाला।
गुरुवार को लखनऊ में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण (M+D) एक साथ आ गए। उन्होंने प्रेसवार्ता कर उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव गठबंधन से लड़ने की घोषणा करके राजनीतिक भूचाल खड़ा कर दिया। दोनों प्रमुख नेताओं ने घोषणा करते हुए कहा कि उनके गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल गठबंधन में दो ही दल हैं लेकिन बहुत जल्द अन्य दलों की भी एंट्री होगी। चंद्रशेखर रावण ने तो समाजवादी पार्टी को भी अपने गठबंधन में आने का न्योता दे डाला। फिलहाल इस मुस्लिम+दलित गठबंधन के बाद उत्तर प्रदेश में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। सपाई इसे भाजपा को फायदा पहुंचाने वाला गठबंधन बता रहे हैं तो वहीं भाजपाई इसे निजी फायदे वाला गठबंधन कह रहे हैं।
ओवैसी और रावण ने मजबूरी में किया गठबंधन..?
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और उनके पदाधिकारियों की बात करें तो पिछले विधानसभा चुनाव (2022) में भी उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से उन्हें गठबंधन में शामिल करने की मांग की थी। यूपी के बाद यही मंजर हाल ही में बिहार के विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिला।
बिहार में ओवैसी ने गठबंधन में कुल छह सीटों की मांग रखी थी। लेकिन ओवैसी का उत्तर प्रदेश का रास्ता हमेशा के लिए बंद करने की कोशिश में उन्हें गठबंधन में नहीं लिया गया। जिसके बाद बिहार में खुदकी जमीन तैयार कर ओवैसी सियासी अखाड़े में कूद पड़े, बदले में पांच सीटों पर जीत पाई।
यूपी में बागी नेताओं का ठिकाना बनेगा गठबंधन..?
उत्तर प्रदेश में इन दिनों भाजपा के कई नेता समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं, और आगे भी शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सामने बड़ी चुनौती ये है कि वह वर्षों से पार्टी की सेवा कर रहे नेताओं को टिकिट दें या भाजपा छोड़कर आ रहे नेताओं को.? इस कश्मकश को लेकर यूपी की कई सीटों पर बगावत के स्वर फूटने शुरू हो गए हैं। उत्तर प्रदेश की लगभग सभी सीटों पर समाजवादी पार्टी के पास तीन से पांच प्रत्याशी टिकिट लेने की लाइन में खड़े हुए हैं।
जाहिर है कि टिकिट तो एक ही प्रत्याशी को मिलेगा। ये बात और है कि हर जिले में PDA के तहत टिकिट का बंटवारा किया जा सकता है। ऐसे में हर सीट पर समाजवादी पार्टी में दो से तीन प्रत्याशी बागी बन सकते हैं। अभी तक इन बागियों के पास बसपा के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं था। लेकिन अब इन बागी नेताओं का ठिकाना ओवैसी और रावण (मुस्लिम और दलित) का गठबंधन बन सकता है। अगर ऐसा होता है तो इस बार उत्तर प्रदेश का सियासी रण अलग ही अंदाज में दिखाई देगा।

