बदायूं में बदमाशों का कहर: किसान को बांधकर गन्ने के खेत में फेंका, ट्रैक्टर ट्राली ले गए

अपराध

बदायूॅं जनमत। शनिवार देर रात मझिया बाइपास पर चार-पांच बदमाशों ने एक निर्माणाधीन मकान पर धावा बोल दिया। उन्होंने 70 वर्षीय किसान को बांधकर नजदीक के गन्ने के खेत में डाल दिया। उनसे कुछ रुपये और ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटकर ले गए। परिवार वालों ने किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना पुलिस ने एफआईआर दर्जकर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव नगला गौटिया निवासी गंगाराम जाटव मझिया बाइपास पर मकान का निर्माण करा रहे हैं। उनका मकान बनकर तैयार हो गया है। सिर्फ लिंटर पड़ना शेष है। वहां सामान की रखवाली के लिए उन्होंने झोंपड़ी डाल रखी है। वहीं उनका जनरेटर खड़ा होता है और ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी होती है। वहीं शनिवार रात करीब 11:30 बजे गंगाराम उसी झोंपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान चार-पांच बदमाशों ने उन्हें चारपाई पर ही दबोच लिया और पीटकर घायल कर दिया। बदमाश उन्हें बांधकर नजदीक के गन्ने के खेत में ले गए। जहां उन्हें हाथ-पैर बांधकर डाल दिया। कुछ रुपये और ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटकर ले गए।
जब देर रात गंगाराम को होश आया तो उन्होंने किसी तरह परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वाले और उनकी सूचना पर इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई भी मौके पर पहुंच गए। उसके बाद किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। किसान के बेटे बाबूराम ने बताया कि उसके पिता ने बदमाशों को पहचान लिया है।
गंगाराम के बताने पर पुलिस ने मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव परसुरा निवासी धर्मेंद्र, प्रहलाद, रवेंद्र और गुरुपुरी विनायक निवासी पोशाकी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी लिया है।       

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *