बरेली बवाल; अब तक 15 आरोपियों की पहचान, तलाश में दबिश दे रही पुलिस

उत्तर प्रदेश

बरेली जनमत। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के कार्यक्रम के बाद हुए बवाल के आरोपी फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। बता दें कि आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर शुक्रवार को हुए कार्यक्रम के बाद लौटती भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने श्यामगंज में राहगीरों की पिटाई व तोड़फोड़ की थी। दोनों ओर से 110 लोगों के खिलाफ दो रिपोर्ट दर्ज की गई थीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के वीडियो व फोटो से उपद्रवियों की पहचान कर रही है। बारादरी थाने में पुलिस की एक टीम इन्हीं फुटेज का परीक्षण कर रही है। अब तक करीब 15 उपद्रवियों की पहचान हो गई है। पुलिस की अन्य टीमें इन आरोपियों की तलाश कर रही हैं। नए आरोपी चिह्नित किए जा रहे हैं।
आईएमसी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भड़काऊ पर्चे बांटे गए थे। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। अब पुलिस पर्चे छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस का पता लगा रही है।
ज्ञानवापी में पूजा की अनुमति देने के खिलाफ जेल भरो का एलान करने वाले इन पर्चों की भाषा काफी उत्तेजक थी। उत्तराखंड तक पर्चे बांटे गए थे। पर्चों पर इन्हें छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस का नाम ही नहीं था। अब पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। पहले चरण में पर्चे छापने वाले प्रेस का पता लगाना व संचालक का पता लगाना पुलिस का लक्ष्य है। इसके बाद मुकदमे में धाराएं और नाम बढ़ाए जाएंगे।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि बारादरी थाने में दर्ज दोनों रिपोर्ट से जुड़े मामले में आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार करने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। कुछ लोगों के नाम पता चले हैं पर वे फरार हो गए हैं। उन्हें जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहर में शांति का माहौल है। सब ठीक रहा तो कुछ जगह लगी पिकेट भी हटा ली जाएंगी।           

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *