बदायूॅं जनमत। दाखिल ख़ारिज के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगाकर तहसील प्रशासन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से एक किसान ने तहसील परिसर में पहुंचकर पेट्रोल डालकर की आत्मदाह की नाकाम कोशिश। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ओमकार को अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव थानपुर निवासी ओंमकार सिंह शनिवार को बिसौली तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन खालसा गुट के कार्यकर्ताओं के साथ तहसील परिसर में पहुंचा और पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश करने लगा। उसने तहसीलदार प्रशासन पर दाखिल खारिज करने के नाम पर रुपए लेने का आरोप लगाया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने वमुश्किल पानी डालकर पीड़ित किसान को बचाया। जब इस संबंध में तहसीलदार से बात की गई तो तहसीलदार ने बताया कि किसान द्वारा रुपए लेने का जो आरोप लगाया है, वह बिल्कुल निराधार है। उन्होंने बताया इसी किसान द्वारा शुक्रवार को संभल पहुंचकर भी केरोसिन डालकर आत्मदाह की कोशिश की गई थी। उन्होंने बताया यह विवाद तीन पार्टियों के मध्य चल रहा है। जो सिविल न्यायालय में विचाराधीन है। श्री शुक्ला ने बताया विवादित जमीन पर खड़ी फसल को पीड़ित किसान के पक्ष में काटने का आदेश दे दिया गया है। साथ ही पुलिस फोर्स को भी सुरक्षा की दृष्टि से मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान किसान यूनियन खालसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष लखन सिंह, किसान यूनियन खालसा की युवा शाखा के प्रदेश उपाध्यक्ष अध्यक्ष शिवम यादव मौजूद रहे।
