बदायूॅं जनमत। प्रसव के दौरान प्रसूता की तबियत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद परिजन उपचार के लिए उसे लेकर जा रहे थे। जहां रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। वहीं मौत की सूचना पर मायका पक्ष पहुंचा। उसने ससुरालियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना उसावां के गांव शंकरपुर निवासी रामस्वरूप कश्यप ने अपनी पुत्री शोभा रानी (30) का विवाह लगभग नौ वर्ष पहले उसहैत थाना क्षेत्र के गांव खजुरा नगला निवासी आशीष कश्यप उर्फ नन्हे के साथ किया था। उसके एक तीन वर्ष का बेटा भी है। शोभा रानी गर्भवती थी। गुरुवार को उसे प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे लेकर ग्राम कटरासआदतगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। जहां बताया गया कि गर्भ में शिशु की स्थिति ठीक नहीं है। वह उल्टी स्थिति में है। जिसके बाद परिजन उसे घर ले गए। इसके बाद परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही शोभा रानी ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस को मौत की सूचना दी। उसहैत थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायका पक्ष ने लगाया लापरवाही का आरोप…
प्रसूता शोभा रानी के मायके वालों उसकी मौत की सूचना मिली तो वह खजुरा नगला पहुंचे, लेकिन तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका था। मायका पक्ष ने तहरीर देने की बात कही तो पुलिस ने पोस्टमार्टम रिर्पोट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह कर उन्हें वापस कर दिया। वहीं मृतका की मां का कहना है कि आशीष आए दिन उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। ससुराल वालों की लापरवाही से ही शोभा रानी की मृत्यु हुई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अब तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट कल तक प्राप्त होगी।
-विक्रम सिंह, थानाध्यक्ष उसहैत