बदायूँ जनमत। डीएम निधि श्रीवास्तव को शासन स्तर से विशेष सचिव उच्च शिक्षा बनाया गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनको भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर अधिकारियों ने उन्हें प्रतीक चिन्ह, बुके व शाल आदि भेंट किए। सभी ने उनके उज्जवल भविष्य व स्वस्थ्य जीवन की कामना की।
डीएम ने कहा कि वह जनपद में पूर्व में नगर मजिस्ट्रेट भी रही हैं। उनका कार्यकाल का अनुभव अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने टीमवर्क को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का सहयोग उन्हें प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने कार्यकाल के विभिन्न स्मरणों को याद करते हुए साझा किया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली की प्रशंसा भी की। निधि श्रीवास्तव ने जनपद 14 जुलाई 2024 को जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया था। उनके कार्यकाल में उन्होंने 24 जनवरी को कलेक्ट्रेट में 10 रुपए में भरपेट भोजन के लिए अन्नदा रसोई प्रारंभ की। कलेक्ट्रेट परिसर में आमजन के बैठने के लिए पार्क बनवाया, साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराई, प्याऊ ठीक करवाकर संकेतक भी पेंट करवाए। उन्होंने कहा कि बदायूं के लोग अमन पसंद हैं और उन्हें विभिन्न अवसरों पर उनका सहयोग भी प्राप्त हुआ है।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत अंडरपास पर चित्र व स्लोगन सहित वॉल पेंटिंग करवाई। विभिन्न कार्यक्रमों एवं आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। क्षय रोगियों को स्वयं गोद लेकर पोषण पोटली दी तथा अन्य अधिकारियों व समाज के अन्य लोगों को भी क्षय रोगियों को गोद लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजीव पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार पाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।