बदायूं में 12 साल बड़े युवक से तय हुआ रिश्ता, नाखुश युवती ने फंदे पर लटक कर दे दी जान

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। उम्र से 12 साल बड़े युवक के साथ रिश्ता तय करने से क्षुब्ध युवती ने कुंडे में फंदे से लटककर जान दे दी। परिजन फंदे से शव उतराने के बाद घर से फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिग से बताया गया है।
कुंवरगांव थाना क्षेत्र में एक गांव के ग्रामीण ने अपनी 18 वर्षीय बेटी का रिश्ता कुछ दिन पहले उसहैत क्षेत्र के एक युवक के साथ रिश्ता तय कर दिया था। युवक की उम्र 30 साल है। युवती ने अधिक उम्र के युवक से शादी करने से मना कर दिया था। इसके चलते उसकी अपने माता-पिता से अनबन चल रही थी। युवती शादी नहीं करने की जिद पर अड़ी थी। परिजन हर हाल में उस पर शादी करने का दबाव बना रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे उसके माता पिता घर से बाहर थे। इसी बीच युवती ने कमरे के अंदर कुंडे से फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। माता पिता जब घर पहुंचे तो वह फंदे पर लटकी थी। उन्होंने बेटी को फंदे से उतारा। इस बीच पुलिस की कार्रवाई से दहशत में आए माता पिता घर से भाग गए। घर में बुजुर्ग दादी रह गई थी। उनके रोने बिलखने की आवाज पर आस पड़ोस के लोग पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी के साथ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। उसमें मौत का कारण हैंगिंग बताया गया।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि घटनास्थल पर युवती के परिजन नहीं मिले थे। पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के आने के बाद उसने भी पूछताछ की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।         

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *