ब्लूमिंगडेल स्कूल में नशा मुक्ति, विधिक जागरूकता और बालिका सशक्तिकरण पर कार्यक्रम आयोजित

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। ब्लूमिंगडेल स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक और संवैधानिक मुद्दों के प्रति जागरूक बनाना था। यह कार्यक्रम जिला न्यायिक सेवा प्राधिकरण बदायूं एवं महिला कल्याण विभाग बदायूं के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बदायूं शिव कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ ड्रग इंस्पेक्टर लव कुश एवं प्रोटेक्शन ऑफिसर रवि कुमार भी मौजूद रहे। जिन्होंने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों एवं महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने “Say No to Drugs” विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए, वहीं “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर सुंदर और प्रेरणादायक पोस्टर भी बनाए गए।
न्यायिक अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों और विधिक सहायता के विषय में जानकारी दी गई‌। जिससे बच्चों में सामाजिक जागरूकता और आत्मबल का विकास हो सके।
इस आयोजन में विद्यालय की अध्यक्षा पम्मी मेहंदी दत्ता एवं प्राचार्य संजीव राठौर ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि एवं अन्य वक्ताओं का सम्मान कर उनके सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। ब्लूमिंगडेल स्कूल का यह प्रयास समाज में सकारात्मक सोच और ज़िम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *