बदायूॅं जनमत। उघैती थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजन उसे राजकीय मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे, लेकिन यहां कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि ग्रामीण को पांच गोलियां मारी गईं। घटना के पीछे प्रधानी चुनाव की रंजिश की बात सामने आ रही है। इधर वारदात के बाद से दोनों गुटों में तनाव बढ़ गया है। गांव में अहतियातन तीन थानों की पुलिस लगा दी गई है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
वारदात रघुनाथपुर गांव में सुबह तकरीबन साढ़े सात बजे हुई। यहां रहने वाले 47 वर्षीय सुरेश पशुओं को चारा लेने खेत पर गए थे। परिजनों के मुताबिक यहां विरोधी गुट का सतीश समेत उसके चार साथी पहले से घात लगाए बैठे थे। चारा काटने के दौरान पांचों ने सुरेश पर घेराबंदी करके फायरिंग शुरू कर दी। हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस घायल को बिल्सी सीएचसी लेकर पहुंची लेकिन यहां हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां भी हालत में सुधार होते न देख डाक्टर ने राजकीय मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज से सैफई मेडिकल कालेज रेफर की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान सुरेश की मौत हो गई।
हत्याकांड के बाद से गांव के दोनों गुटों के बीच तनाव बढ़ गया है। दोनों गुटों के बीच टकराव न हो, इसके लिए उघैती समेत इस्लामनगर और बिल्सी थानों की पुलिस गांव में तैनात कर दी गई है। सीओ बिल्सी संजीव कुमार ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पांचों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। गांव में तीन थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है।

