बदायूॅं जनमत। पुलिस की दबिश के दौरान बिनावर थाना क्षेत्र के गांव व्योर मजरा सेमरमई निवासी शाकिर पुत्र मोहम्मद अली की मृत्यु हो गई। जिसको लेकर पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने डीएम को पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट जांच कराने की मांग की है। साथ ही मृतक के बच्चों को 25 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की भी मांग की है।
बता दें कि सोमवार रात बिनावर पुलिस द्वारा सेमरमई गांव में दबिश दी गई थी। इस दौरान शाकिर को गांव वालों ने कहा पुलिस तुम्हें पकड़ने आ रही है, इसलिए शाकिर बिना सोचे समझे पुलिस के भय से भाग निकला और आगे जाकर शाकिर खेत में गिर गया, जिस कारण शाकिर की मृत्यु हो गई। वहीं गांव वालों का कहना है कि पुलिस के डंडा लगने से शाकिर खेत में गिरा था, लेकिन यह जांच का विषय है। एक यह सच यह भी है कि शाकिर के खिलाफ पुलिस में ना कोई शिकायत थी और ना ही शाकिर का कोई अपराधिक इतिहास है, लेकिन पुलिस की दबिश के किन्हीं कारणों से शाकिर की मृत्यु हो गई।
मृतक शाकिर एक गरीब किसान था, अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए इकलौता शाकिर ही था। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। अब शाकिर के परिवार में कमाने वाला कोई नहीं बचा। उसकी पत्नी का भी देहांत हो चुका है। तीन बच्चे बगैर माता-पिता के रह गए।
इस संबंध में पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने डीएम को पत्र लिखकर कहा है कि आप जिले के जिलाधिकारी है, गरीब, किसान व जिले की जनता आपसे उम्मीद करती है कि आप उसके साथ इंसाफ करेंगें। आपसे अनुरोध है कि आप इस प्रकरण की मजिस्ट्रेट जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने का कष्ट करें तथा मृतक शाकिर के परिवार को 25 लाख रूपये की आर्थिक सहायता के लिए शासन से संस्तुति करने की कृपा करें। ताकि मृतक शाकिर के बच्चों का पालन-पोषण हो सके।

