बदायूं में बिजली टावर से गिरकर मजदूर की मौत; सेफ्टी बेल्ट टूटने से हुआ हादसा, ठेकेदार फरार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। फैजगंज बेहटा में बिजली ग्रिड लाइन के टावर निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ। बिहार के भागलपुर जिले के रहने वाले 27 वर्षीय मजदूर सुनील की सेफ्टी बेल्ट टूटने से मौत हो गई।
सुनील तीन सितंबर को करीब 30-35 मजदूरों के साथ काम करने आया था। छह सितंबर से काम शुरू हुआ। मृतक के भाई सहदेव के अनुसार, सुनील सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट पहनकर टावर पर लाइन फिटिंग कर रहा था। इसी दौरान उसकी सेफ्टी बेल्ट अचानक टूट गई और वह नीचे गिर गया। साथी मजदूर घायल सुनील को तुरंत संभल के चंदौसी स्थित अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार ने मानक से कम स्तर की क्वालिटी की सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध कराई थी। हादसे के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया।
सात भाइयों में सबसे छोटा सुनील था। मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फैजगंज बेहटा के थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *