बदायूॅं जनमत। शनिवार रात एक बारात में हर्ष फायरिंग हुई। इस घटना में बदायूं निवासी एक युवक को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिनावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बिहार निवासी इसरार की बेटी की शादी थी और बारात बदायूं से आई थी। रात करीब 11:30 बजे डीजे की धुन पर लोग डांस कर रहे थे, तभी कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान बदायूं के कटरा बरहमपुर निवासी शैजान पुत्र नासिर को गोली लग गई। घायल शैजान को तुरंत बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, गांव और आसपास के इलाके में इस घटना की व्यापक चर्चा है। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी। गांव से थाने की दूरी लगभग दो किलोमीटर है।

