बदायूं में दिवाली की रात खेत पर गए किसान की हत्या; सुबह खून से लथपथ मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। मंगलवार सुबह एक किसान का शव खेत में खून से लथपथ पड़ा मिला तो सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव को जिला मुख्यालय भेजा गया। पुलिस हत्या की वजह तलाश करने में जुटी है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उघैती थाना क्षेत्र के गांव कोठा निवासी राम प्रकाश (60 वर्ष) खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते आ रहे थे। उनके परिजनों ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे दिवाली की पूजा करने के बाद राम प्रकाश खेत पर फसल की रखवाली करने चले गए। परिजनों का कहना है कि वह रोजाना खेत पर जाते थे तो ऐसी कोई चिंता भी नहीं थी कि उनकी हत्या हो सकती है। मंगलवार सुबह एक ग्रामीण ने गांव के नजदीक खेत में राम प्रकाश का शव खून से लथपथ पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राम प्रकाश के सिर पर किसी वजनदार चीज से प्रहार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *