बदायूं में मार्निंग वॉक को निकले पूर्व विधायक के पूर्व PA को डीसीएम ने मारी टक्कर, मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बृहस्पतिवार को सुबह सड़क हादसे में पूर्व विधायक सिनोद शाक्य के पूर्व पीए शरीफ अंसारी (60 वर्ष) की मौत हो गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले शरीफ अंसारी को तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसा कंचनपुर धड़ा बाजार के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, कस्बा अलापुर के वार्ड नंबर 11 निवासी शरीफ अंसारी रोज की तरह बृहस्पतिवार सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान कंचनपुर धड़ा बाजार के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से जा भिड़ी।

वाहन छोड़कर चालक हुआ फरार…

घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शरीफ अंसारी को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के घर पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि शरीफ अंसारी दातागंज विधानसभा से विधायक रहे सिनोद शाक्य के पीए रह चुके थे और नगर में उनके शांत स्वभाव व सामाजिक कार्यों के कारण उनकी खास पहचान थी। परिजनों के अनुसार, शरीफ अंसारी के तीन बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें से एक बेटे का विवाह हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *