बदायूॅं जनमत। कस्बा उसहैत के सरस्वती जन शिक्षा मंदिर स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के परिजनों ने नगर के कई नाबालिग लड़कों पर अभद्र व्यवहार और उसे छेड़ने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
छात्रा के पिता के अनुसार, उनकी पुत्री उसहैत के सरस्वती जन शिक्षा मंदिर स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। वह रोजाना की तरह बुधवार को भी साइकिल से अपने गांव से उसहैत स्कूल पढ़ने आई थी। दोपहर को छुट्टी होने के बाद घर वापस जा रही थी। इसी दौरान रोड पर कस्बा निवासी गैर समुदाय के पांच नाबालिग लड़कों ने उसके साथ गलत व्यवहार किया और उसे छेड़ा। आरोप है कि यह बच्चे आए दिन छात्रा के साथ अभद्रता करते थे। छात्रा ने अपने पिता को इसकी जानकारी दी। शिकायत के बाद छात्रा के पिता थाने पहुंचे। उन्होंने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने नाबालिग लड़कों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर नाबालिग लड़कों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। कुछ नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है। उनके पूछताछ की जा रही है।

