गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसा; स्लीपर बस पलटी, 19 यात्री घायल, चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से कानपुर जा रही स्लीपर बस चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और काफी दूर तक रगड़ते हुए पलट गई। हादसे में बस सवार 19 यात्री घायल हो गए। गंभीर हालत में एक घायल को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक, डबल डेकर बस दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही थी। शुक्रवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे कुंवरगांव थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर पिलर नंबर 177.2 किलोमीटर के पास चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 25 यात्री सवार बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर राहत कार्य शुरू कराते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी वजीरगंज और जिला अस्पताल भिजवाया।
घायल रिषभ गुप्ता की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर अफरातफरी की स्थिति रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर रेस्ट एरिया में खड़ा कराया। पुलिस ने बताया कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *