बदायूं महिला अस्पताल में प्रसूता के तीमारदार और वार्ड बॉय में मारपीट, हंगामे के बाद फैसला

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। महिला अस्पताल के पीएनसी वार्ड में प्रसूता के तीमारदार और वार्ड बॉय के बीच मारपीट हो गई। परिजनों ने हंगामा शुरू किया तो कर्मचारी मौके से भाग निकला। पीड़ित का आरोप है कि चादर बिछाने के लिए कर्मचारी से कहा था। इसी बात पर वह भड़क गया और मारपीट कर दी। शिकायत के बाद भी आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कादराबाद निवासी प्रेमपाल ने शनिवार को अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। देर शाम उसने बेटे को जन्म दिया, लेकिन बच्चे की मौत हो गई। प्रसूता की हालत खराब होने पर उसको दूसरे तल पर बने पीएनसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि बेड पर चादर नहीं थी। वार्ड में तैनात वार्ड बॉय से चादर बिछाने की बात कही। पहले तो चादर लाने को तैयार ही नहीं हुआ। काफी कहने के बाद चादर लेकर आया तो उस समय वह अपनी पत्नी को दवा दे रहा था। उससे चादर बिछाने को कहा । इसी बात पर कर्मचारी ने प्रेमपाल के साथ मारपीट कर दी।
यह देख परिजनों व वार्ड में मौजूद अन्य मरीजों के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ा तो अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मी भी मौके पर आ गए। इस बीच आरोपी कर्मचारी मौके से भाग निकला। परिजनों को अन्य कर्मचारियों ने शांत कराया। पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत की लेकिन आरोपी कर्मचारी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि उसकी पत्नी भर्ती है और नवजात की मौत से परिवार के लोग पहले ही दुखी थे। अस्पताल के कर्मचारी के दुर्व्यवहार से परिजनों को ठेस पहुंची है। वह अस्पताल से छुट्टी होने के बाद डीएम से इस मामले की शिकायत करेंगे। क्योंकि अस्पताल प्रशासन कार्रवाई न करके फैसले का दबाव बना रहा है।
सूचना मिली थी कि कर्मचारी व तीमारदार में मारपीट हुई है। इसकी जानकारी ली गई तो पता लगा कि तीमारदार व कर्मचारी ने आपस में फैसला कर लिया है। अगर तीमारदार शिकायती पत्र देते तो जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाती – डॉ शोभा अग्रवाल, सीएमएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *