बदायूॅं जनमत। फैजगंज बेहटा में बंगाली डॉक्टर के बेटे प्रतीश उर्फ पिंटू (31 वर्ष) की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी ही क्लीनिक पर काम करने वाले कंपाउंडर पश्चिम बंगाल के रहने वाले आशिक और संजू ने की थी। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। आरोपी संजू ने बताया कि उसकी मां से प्रतीश के अवैध संबध थे। उसके पास अश्लील वीडियो था, जिसको वायरल करने की धमकी देता था। वीडियो दिखाकर वह उसको चिढ़ाता था। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
एसएसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों ने सोते समय प्रतीश को एनेस्थीसिया का इंजेक्शन दिया और कैंची से पेट व शरीर पर कई वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके हाथ-पैरों से ईंटें बांधकर घर के पीछे तालाब में फेंक दिया था। वारदात के तीन दिन बाद तालाब से उसका शव बरामद हुआ था।
फैजगंज बेहटा कस्बे के वार्ड नंबर छह में करीब 30 साल से डॉ.आरके विश्वास का क्लीनिक है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के रहने वाले हैं। करीब 30 साल पहले वह कस्बे में आए और यहीं बस गए। डॉक्टर की पत्नी उनके साथ नहीं रहती है। डॉक्टर अपने परिवार के साथ पश्चिमी बंगाल गए हुए थे। घर पर प्रतीश विश्वास अकेला था। आरोपियों ने बताया कि 19 दिसंबर की रात प्रतीश खाना खाने के बाद घर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने पहले उसको एनेस्थीसिया दे दिया। नशे में होने के बाद दोनों ने उसकी हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया और भाग गए।
आरोपी संजू ने बताया कि वह पश्चिमी बंगाल के जिला नदिया के गांव बंकिमनगर का रहने वाला है। फिलहाल वह कस्बा फैजगंज के वार्ड नंबर सात में रहता आ रहा है। प्रतीश के उसकी मां से संबंध थे। आरोपी आशिक ने बताया कि वह क्षेत्र के गांव दांवरी में रह रहा है। उसके संबंध प्रतीश के भाई की पत्नी से थे, जिसकी जानकारी उसने अपने भाई को दे दी थी। इसी बात से दोनों रंजिश मानते थे। दोनों ने उसको रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और उसकी हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया।
चोरी के शक में संजू को पीटकर भगा चुका था प्रतीश…
संजू भी डॉ. आरके विश्वास की दुकान पर कंपाउंडर था। कुछ दिनों पहले ही प्रतीश विश्वास ने चोरी के शक में उसको पीटकर नौकरी से निकाल दिया था। आशिक को बदला लेने के लिए संजू से अच्छा और कोई साथी नजर नहीं आया। दोनों में मिलकर हत्या करने का प्लान बनाया और घटना को अंजाम दे दिया।

