बदायूॅं जनमत। नगर पंचायत फैजगंज बेहटा के चेयरमैन इसरार खां के भांजे सलीम पर दो सभासदों को पीटने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला अनुसूचित जाति/जनजाति (SC/ST) अधिनियम के तहत दर्ज हुआ है। घटना उस दिन हुई जब नगर पंचायत में विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए एक टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जिन दो सभासदों, हरपाल दिवाकर और पुष्पा देवी, को पीटा गया है, उन्होंने ही नगर पंचायत प्रशासन पर वित्तीय अनियमितता की शिकायत की थी। उनकी शिकायत के बाद ही जांच टीम फैजगंज बेहटा पहुंची थी। वार्ड संख्या चार के सभासद हरपाल दिवाकर की ओर से दर्ज कराई गई। एफआईआर के अनुसार, 31 दिसंबर को जांच टीम वार्ड नंबर तीन में जांच कर रही थी और दोपहर करीब 2:30 बजे भोजन के लिए रुकी हुई थी। इसी दौरान चेयरमैन का भांजा सलीम, जो वार्ड नंबर आठ का निवासी है, मौके पर पहुंचा और हरपाल दिवाकर से हाथापाई की।
जान से मारने की धमकी दी…
जब वार्ड संख्या एक की सभासद पुष्पा देवी बचाव में आईं, तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई। आरोप है कि सलीम ने दोनों सभासदों को जातिसूचक शब्द कहे, जान से मारने की धमकी दी और गालीगलौज करते हुए हरपाल दिवाकर को बुरी तरह पीटा। आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों सभासदों को हमलावर के चंगुल से छुड़ाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
तहरीर में यह भी बताया गया है कि घटना के दिन पुलिस में शिकायत इसलिए नहीं की गई क्योंकि इससे चल रही जांच प्रभावित हो सकती थी। पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच सीओ बिसौली करेंगे। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। इस संबंध में चेयरमैन इसरार खां से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल का जवाब नहीं दिया।






