बदायूॅं जनमत। जंगल में लकड़ियां बीनने गई बुजुर्ग महिला को सांड़ ने पटक-पटककर मार डाला। दो घंटे तक सांड़ शव के ऊपर बैठा रहा। किसी को पास नहीं आने दिया। ग्रामीणों ने हल्ला मचाते हुए ग्राम प्रधान के ट्रैक्टर से सांड़ को खदेड़ा। सूचना पाकर इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। सीवीओ डॉ. समदर्शी सरोज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव गूरा बरेला निवासी प्रेमवती (70 वर्ष) रविवार को अकेले जंगल में सूखी लकड़ियां बीनने गईं थीं। वहां सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सांड़ वृद्धा के ऊपर ही बैठ गया। दो घंटे तक वहीं बैठा रहा। कुछ लोगों ने इस घटना को देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सांड़ को भगाने का काफी प्रयास किया लेकिन सांड़ टस से मस नहीं हुआ। इसके बाद ग्राम प्रधान के ट्रैक्टर से ग्रामीण हल्ला मचाते हुए आगे बढ़े तब कहीं जाकर सांड़ वहां से भागा।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। सीवीओ ने सांड़ को जल्द पकड़वाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत किया। मृतका के दो बेटे हैं। बड़े बेटे राजवीर कश्यप ने बताया कि उनकी मां सूखी लकड़ियां लेने की कहकर घर से अकेली ही चली गईं थीं। गांव वालों का कहना है कि छुट्टा पशु गांववालों और खेती-किसानी करने वालों के लिए मुसीबत बन गए हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीर नहीं है।

