बदायूॅं जनमत। भारतीय स्टेट बैंक अलापुर शाखा के शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार शर्मा ने गुरुवार को क्षेत्र में संचालित एसबीआई के विभिन्न ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएसपी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर हो रहे बैंकिंग लेनदेन, रिकॉर्ड और ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
शाखा प्रबंधक ने सीएसपी संचालकों को निर्देश दिए कि केंद्र के बाहर एसबीआई का आधिकारिक बैनर-बोर्ड, कमीशन अथवा शुल्क चार्ट और शिकायत निवारण नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राहकों से बैंकिंग लेनदेन के बदले किसी भी प्रकार का अतिरिक्त नकद शुल्क या अवैध कटौती न की जाए। उन्होंने लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड भी चेक किया और उसे व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान शाखा प्रबंधक ने ग्राहकों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ग्राहक किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें।
निरीक्षण के दौरान मुहम्मद कमर, जुबैर अहमद, ब्रजेंद्र भारद्वाज, ध्रुव भारद्वाज, सचिन शर्मा, कालिदास, ऋतिक और सत्यम देवल आदि के सीएसपी केंद्रों का निरीक्षण किया गया।


