UGC के खिलाफ प्रदर्शन; उसावां में हाइवे पर प्रदर्शन, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन थानाध्यक्ष को सौंपा

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। यूजीसी कानून के विरोध में जिलेभर से विरोध के स्वर उठने लगे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कस्बा उसावां में भी सड़क पर उतरकर स्वर्ण वर्ग के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उसावां के होली चौक पर आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक ज्ञापन थानाध्यक्ष वीरपाल सिंह तोमर को सौंपा।
धरना प्रदर्शन के दौरान, होली चौक से महात्मा गांधी इंटर कॉलेज तक एक पैदल मार्च भी निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर बैठकर भी विरोध जताया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मांग की कि यूजीसी कानून में बदलाव किया जाए या इसे पूरी तरह वापस लिया जाए। उनका कहना था कि यह कानून कुछ वर्गों के लिए हानिकारक है और इसमें उन्हें कोई जगह नहीं मिल रही है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे आने वाले समय में भाजपा का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर वे भाजपा सरकार को 300 सीटों तक पहुंचा सकते हैं, तो उसे शून्य पर भी ला सकते हैं। सोनू मिश्रा और प्रदीप चौहान ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि इस कानून से है। उन्होंने सरकार से कानून वापस लेने की मांग की और कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो भविष्य में और बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे।
प्रदर्शन में आनंद सिंह चौहान, अभय सिंह चौहान, सोनू पंडित, हिमांशु गुप्ता, शिवम गौड़, आशीष सिंह, अतुल बजरंगी, विनोद कुमार गुप्ता, पवन कुमार गुप्ता, ध्रुव सिंह चौहान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *